जबलपुर, 18 नवंबर (आईएएनएस)| छत्तीसगढ़ के बाद अब मध्य प्रदेश के जबलपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का कैंप हो रहा है। वे यहां तीन दिन रहने वाले हैं और इस दौरान विभिन्न वर्गों से उनकी मुलाकात का कार्यक्रम भी है। संघ प्रमुख के इस प्रवास को राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत जबलपुर के प्रवास पर पहुंच चुके हैं और वे संघ के कार्यालय की केशवकुटी में रुके हुए हैं। वे यहां 20 नवंबर तक रुकने वाले हैं। इस दौरान उनकी विभाग प्रचारक, विभाग संचालकों के अलावा पदाधिकारियों से भी बैठक प्रस्तावित है।
वे यहां महाकौशल प्रांत के अलावा मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए संघ के विभिन्न विषयों के साथ आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा करने वाले हैं। इसके अलावा उनका सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शनिवार को मानव भवन में होना है जहां वे प्रबुद्ध जनगोष्ठी को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही 20 नवंबर को भागवत संघ परिवार की शाखाओं के प्रमुख शिक्षक और अन्य पदाधिकारियों के परिवारों से भी मिलने वाले हैं।
कहा जा रहा है कि भागवत भाजपा के कई पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं और महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होना संभावित हैं। यही कारण है कि संघ प्रमुख के इस दौरे को अगले वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा के चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस बात की कोई पुष्टि करने को तैयार नहीं है।
महाकौशल राजनीतिक तौर पर भाजपा का गढ़ रहा है, मगर स्थितियां बदली तो भाजपा का पहले के मुकाबले प्रभाव कम हुआ है। जबलपुर की ही बात कर लें तो वर्तमान में दोनों ही दलों के विधायक बराबर हैं। महाकौशल क्षेत्र में आदिवासी वर्ग का प्रभाव है और वर्तमान में भाजपा की नजर भी आदिवासी वर्ग ही है। संघ प्रमुख बीते दिनों छत्तीसगढ़ के प्रवास पर थे और उन्होंने जशपुर में घर वापसी अभियान के मुखिया दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
एसएनपी/एसकेपी
एंटीवेब न्यूज
The post छत्तीसगढ़ के बाद मध्य प्रदेश में संघ प्रमुख का कैंप first appeared on Antiweb News.
-------------------------------
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें। Pavitra India पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Facebook | Twitter | Instragram | YouTube
-----------------------------------------------
. . .