मुंबई। तकरीबन दो दशक के बाद ‘ऑफिस ऑफिस’ नए अवतार में लौट रहा है। गौरतलब है कि पंकज कपूर अभिनीत ‘ऑफिस ऑफिस’ भारतीय टीवी जगत का एक आइकॉनिक शो रहा है। एक बार फिर से वही जादू ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। 25 मई से इस शो का प्रसारण दूरदर्शन नेशनल पर शुरू हो चुका है। आप इस शो को वेव्स ओटीटी पर भी देख सकते हैं। शो का निर्माण ईगल फिल्म्स ने किया है जबकि निर्देशक है राजन बाघधारे। स्टोरी, स्क्रीनप्ले और संवाद मशहूर लेखक जोड़ी हीरेन्द्र झा और निमिषा दीक्षित ने लिखे हैं।
हीरेन्द्र- निमिषा का इससे पहले दूरदर्शन पर ही एक और चर्चित शो ‘दूर से नमस्ते’ भी आ चुका है। हीरेन्द्र-निमिषा की किताब ‘सेज: सुनंदा पुष्कर की कहानी’ भी बेहद लोकप्रिय है। इनदिनों यह जोड़ी कई फिल्में, वेब सीरीज और टीवी शो लिख रही है। ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के लेखक हीरेन्द्र झा से इस शो के बारे में ‘चौथी दुनिया’ ने विस्तार से बात की जो आप यहाँ पढ़ सकते हैं।
सवाल: ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के लिए बहुत बधाई आपको। कैसा रिस्पॉन्स आ रहा है?
हीरेन्द्र: बहुत बढ़िया रिस्पॉन्स है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार फोन आ रहे हैं। सब बहुत अच्छा- अच्छा कह रहे हैं। खुशी होती है। हमने बचपन में यह शो देखा था। इसके सभी किरदार चाहे वो पंकज कपूर साहब हो, मनोज पाहवा, संजय मिश्रा सब आज लेजेंड हैं। एक लेखक के रूप में हम दोनों दोस्तों यानी मेरे और निमिषा के लिए इसके नए सीजन के साथ जुड़ना एक गर्व की बात है और हमने पूरी कोशिश की है कि उसी जादू को नए और बदलते समय के हिसाब से रच सकें। उम्मीद है दर्शकों को यह शो काफी पसंद आएगा।
सवाल: स्टार कास्ट के बारे में बताइए?
हीरेन्द्र: श्रुति शर्मा जितनी खूबसूरत है उतनी ही टैलेंटड है उन्होंने अनोखी लाल मुसड्डी यानी मुसद्दी की बेटी का किरदार निभाया है। अनुषा मिश्रा भाटिया मैडम बनी हैं। कृष्णा भट्ट पांडे जी हैं। किसलय शुक्ला जी बने हैं। चारुल का किरदार गरिमा जैन ने किया है। जबकि पटेल सुमित अरोड़ा निभा रहे हैं। सभी कमाल के एक्टर्स हैं। पिछले सीजन में जो उषा जी थीं उनका नाम हमने इस सीजन में बदलकर चारुल रखा है। भाटिया का किरदार मनोज पाहवा साहब ने निभाया था तो इस बार हमने ये ट्विस्ट रखा कि भाटिया भी एक फ़ीमेल किरदार हो और अनुषा ने बहुत अच्छा निभाया है इस किरदार को।
सवाल: यानी पूरा मजा आने वाला है।
हीरेन्द्र: बिल्कुल। देखिए अगर टीम अच्छी हो तब जाकर शो अच्छा बनता है। हमारे डायरेक्टर साहब राजन बाघधारे कॉमेडी किंग हैं। कमाल का उनका विज़न है। उन्होंने हम राइटरों से हमारा बेस्ट निकलवा लिया समझिए। हमेशा अपने राइटर्स का हौसला बढ़ाते हैं राजन सर। सिर्फ राइटरों का ही नहींन एक्टर्स का भी। राजन सर के होने से इस शो में एक एक्स फैक्टर आ गया है जो आप शो देखते हुए महसूस भी करेंगे। राजन सर जीनियस हैं। और मैं आपको बताऊँ हमारे प्रोड्यूसर उमेश मेहरा साहब भी एक लीजेंड हैं। उनका भी हमें पूरा सपोर्ट मिला। सर ने हमें खूब खाना खिलाया। हमें खुशी है कि उन्होंने हम पर भरोसा किया।
सवाल: शो के दौरान ऐसे कई यादगार पल भी होंगे जो आप हमसे साझा करना चाहेंगे?
हीरेन्द्र: मुझे याद है जब दूरदर्शन के लिए हमें इस शो का प्रपोज़ल भेजना था। मैं उन दिनों अपने गाँव में था। मेरे नब्बे साल के पिताजी तीन साल से बिस्तर पर थे। बैठ भी नहीं पाते थे। तो उनके साथ ही मेरा अधिक समय गुजरता था। मैं उन दिनों मुंबई में कम और अपने गाँव में अधिक रहता था। उसी दौरान इस शो के प्रपोज़ल की बात आई। उसके बाद दस दिनों तक मैं कमरे से बाहर भी नहीं निकला। बस बाबूजी को एक दो बार जाकर देख लेता था। यह दुर्गा पूजा का समय था। अष्टमी के दिन अंततः दूरदर्शन को प्रपोज़ल हम भेज पाये। फिर एक गहरी साँस ली। बाबूजी को बताया कि दूरदर्शन में एक नए शो के लिए प्रपोज़ल गया है, देखिए क्या होता है। बाबूजी भी बहुत खुश हुए। उन्होंने बड़े अपनेपन से कहा था- माँ भगवती की कृपा रही थी सब अच्छा होगा। यह साल 2024 की बात है। अगले ही दिन यानी महानवमी को बाबूजी हम सबको छोड़ कर चले गए। उनके जान एके तकरीबन डेढ़ साल के बाद यह शो आया है। आज वो होते तो बहुत खुश होते। हमारा पिछला शो ‘दूर से नमस्ते’ के सारे एपिसोड्स उन्होंने देखे थे।
सवाल: वाकई एक इमोशनल मोमेंट है आपके लिए। अपने शो के दर्शकों को क्या कहना चाहेंगे?
हीरेन्द्र: : ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ यानी समझिए हँसी-ठहाकों की पूरी गारंटी है। आपको बहुत मज़ा आने वाला है। आपको हर किरदार से प्यार हो जाएगा। ज़ेन जी पीढ़ी भी ऑफिस ऑफिस जैसे iconic शो को इस रूप में देखेगी तो हमारे ऑफिसेस का सिस्टम समझ सकेगी। करप्शन से लड़ सकेगी। अनोखी की तरह सबको सबक सिखा सकेगी। तो सोमवार से शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे आप यह शो जरूर देखें। धन्यवाद!
-------------------------------
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें। Pavitra India पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Facebook | Twitter | Instragram | YouTube
-----------------------------------------------
. . .