राघवेंद्र द्विवेदी

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता और फायरब्रांड प्रवक्ताओं में एक शहजाद पूनावाला ने क्या पार्टी से इस्तीफा दे दिया ? हालांकि पूनावाला ने बीजेपी छोड़ने के मु्द्दे पर सार्वजनिक तौर पर अभी तक कुछ नहीं कहा है लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल X पर अपना बायो अपडेट किया है जिसमें बीजेपी से जुड़े होने या प्रवक्ता होने संबंधी जानकारी हटा दी है।
गुरुवार को शहजाद ने अपने अपडेटेड X बायो का स्क्रीनशॉट अपनी टाइमलाइन पर शेयर करते हुए पिन किया जिसमें उन्होंने लिखा है, ‘धर्म-इस्लाम, संस्कृति-हिंदू, विचारधारा- भारतीय, लेखक- GST की यात्रा, पीएम नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी। स्क्रीनशॉट के साथ कैप्शन में सिर्फ इतना लिखा – मेरा अपडेटेड बायो।
X पर बायो में बदलाव के बाद चर्चाओं को हवा मिलने लगी कि क्या शहजाद पूनावाला ने प्रवक्ता पद छोड़ दिया है या बीजेपी से ही किनारा कर लिया है ? जबकि सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे की खबर तेजी से वायरल हुई। कुछ लोग लिख रहे हैं कि पार्टी को उनका “बड़बोलापन” खटक रहा था तो कुछ ये भी कह रहे हैं कि सियासत से उनका मोहभंग हो गया है। हकीकत और उनका पक्ष जानने के लिए तहलका ने उन्हें कॉल कर संपर्क करने की कोशिश की तो कॉल पिक नहीं हुई। वाट्सअप पर मैसेज किया जिसका रिप्लाई नहीं आया। मतलब चुप्पी साधी हुई है।

खबर लिखे जाने तक उन्होंने आधिकारिक रूप से अपने इस्तीफे की जानकारी न तो सार्वजनिक की है और न ही खंडन किया है। अल्बत्ता अपडेटेड बायो में खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइफ लॉन्ग फॉलोवर जरूर बताया। इससे क्या समझा जाए ?
X पर शहजाद पूनावाला ने पुराने इंटरव्यू के वीडियो क्लिप रीपोस्ट किए हैं जिनमें वे सक्रिय राजनीति छोड़ने पर विचार करने की बात कर रहे हैं। हालांकि, शहजाद पूनावाला ने साफ और सीधे तौर पर ये नहीं कहा है कि वो बीजेपी और सक्रिय राजनीति छोड़ रहे हैं। BJP की तरफ से भी कोई बयान नहीं आया है। दूसरी तरफ ये खबर लिखे जाने तक बीजेपी की वेबसाइट www.bjp.org पर शहजाद पूनावाला का नाम राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल हैं।
38 वर्षीय के शहजाद पूनावाला की गिनती बीजेपी के तेजतर्रार प्रवक्ताओं में होती थी। तमाम टीवी चैनलों की डिबेट में पर वो पार्टी का प्राइम टाइम चेहरा थे। आक्रामक तरीके से पार्टी का पक्ष रखते थे। अचानक इस्तीफा देने संबंधी खबरों ने राजनैतिक पंडितों को हैरान कर दिया। लोगों को समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया ?
पूनावाला साल 2017 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। कांग्रेस में रहते हुए आंतरिक चुनावों और गांधी परिवार को मिलने वाली खास तवज्जो पर सवाल खड़ा करते हुए पार्टी छोड़ दी थी। शहजाद पूनावाला का ताल्लुक महाराष्ट्र के पूणे शहर से है। उच्च शिक्षित परिवार में जन्मे शहजाद की प्रारंभिक शिक्षा पुणे में ही हुई। पिता सरफराज पूनावाला एक बिजनेसमैन और माँ यास्मीन पूनावाला गृहणी हैं। उनके भाई तहसीन पूनावाला का जुड़ाव कांग्रेस से है और वो बतौर प्रवक्ता/पैनलिस्ट बीजेपी के खिलाफ हमलावर रहते हैं।
-------------------------------
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें। Pavitra India पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Facebook | Twitter | Instragram | YouTube
-----------------------------------------------
. . .