
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन पाकिस्तान के झंडे के साथ एक युवक की फोटो सोशल मीडिया पर स्टेटस के रूप में पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। स्टेटस वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी।
मामला थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के फतेहपुर डाल गांव का बताया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, गांव निवासी तालिब खान ने 15 अगस्त को अपनी सोशल मीडिया आईडी पर पाकिस्तान के झंडे के साथ अपनी तस्वीर स्टेटस पर लगाई। तस्वीर के साथ देशभक्ति का एक गाना भी लगाया गया था।
स्टेटस वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
स्थानीय लोगों ने स्टेटस का स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामला सामने आते ही पुलिस युवक की तलाश में जुट गई। पुलिस के अनुसार, युवक उस समय दिल्ली में रहकर मूंगफली बेचने का काम कर रहा था। बाद में उसने सोशल मीडिया पर लगाया गया स्टेटस हटा दिया।
पुलिस ने युवक के पिता को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें बेटे की ओर से ऐसी पोस्ट किए जाने की जानकारी नहीं थी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किस परिस्थिति में की गई और इसके पीछे युवक की मंशा क्या थी। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
-------------------------------
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें। Pavitra India पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Facebook | Twitter | Instragram | YouTube
-----------------------------------------------
. . .