المشاركات

सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ की लॉन्चिंग के साथ बढ़ी चर्चा, खरीदने के लिए पाठकों में होड़; प्रकाशन से पहले विवादों में रही आत्मकथा | Pavitra India

https://ift.tt/PbTLAZj

राघवेंद्र द्विवेदी, नई दिल्ली
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर 2026 को लॉन्च हो गई। बाजार में बुक स्टोर्स पर किताब की बिक्री शुरू हो गई। मार्केट में किताब के आते ही ग्राहकों में खरीदने की होड़ देखी जा रही है।

किताब की लॉन्चिंग और बाजार में उपलब्धता के साथ इसने राजनीतिक और साहित्यिक जगत में खासा ध्यान आकर्षित किया है। पाठकों की दिलचस्पी के बीच किताब की मांग और इसे लेकर पहले से चल रही राजनीतिक बहस ने इसे प्रकाशन से पहले ही चर्चा का विषय बना दिया था।

इस आत्मकथा की खासियत सिर्फ यह नहीं है कि इसमें सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन और राजनीतिक सफर को दर्ज किया है, बल्कि यह भी है कि भारत में इसके प्रकाशन को लेकर एक बड़े प्रकाशक के साथ उनका समझौता अंतिम दौर में टूट गया था। इसके बाद दूसरे प्रकाशक ने किताब को प्रकाशित करने की जिम्मेदारी संभाली। इस पूरे घटनाक्रम ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रकाशकीय संपादन और राजनीतिक संवेदनशीलता को लेकर नई बहस छेड़ दी थी।

इटली से भारत तक की कहानी, निजी जीवन से राजनीति के गलियारों तक

‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को समेटा है। किताब में युद्ध के बाद के इटली में बीता उनका बचपन, इंग्लैंड के कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, प्रेम और विवाह, भारत में नई जिंदगी की शुरुआत और नेहरू-गांधी परिवार का हिस्सा बनने के अनुभव शामिल हैं।

इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्ते, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या, 1991 में राजीव गांधी की हत्या और इसके बाद उनके जीवन में आए बदलावों का भी उल्लेख है।

राजनीतिक जीवन के संदर्भ में 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का उनका फैसला भी किताब का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सोनिया गांधी ने इस फैसले के पीछे अपनी व्यक्तिगत सोच और राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया है। 2019 के लोकसभा चुनाव, पुलवामा हमले के बाद बदले राजनीतिक माहौल और राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे जैसे घटनाक्रमों पर भी उन्होंने अपने नजरिए से बात रखी है।

पेंगुइन के साथ टूटा समझौता, यहीं से शुरू हुआ विवाद

इस किताब का सबसे बड़ा विवाद इसके भारतीय प्रकाशन को लेकर सामने आया। शुरुआत में इसके प्रकाशन की जिम्मेदारी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया के पास थी। लेकिन अगस्त-सितंबर 2026 में लेखक पक्ष और प्रकाशक के बीच पांडुलिपि में संपादकीय बदलावों को लेकर मतभेद की खबरें सामने आईं।

तब ऐसी चर्चा थी कि पेंगुइन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), भारत-चीन संबंधों, गलवान घटनाक्रम, सांप्रदायिक तनाव और अल्पसंख्यकों की स्थिति से संबंधित कुछ अंशों में बदलाव और कटौती का सुझाव दिया गया था। सूत्रों ने बताया था कि सोनिया गांधी की ओर से इन बदलावों पर सहमति नहीं बनी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच प्रकाशन समझौता आगे नहीं बढ़ सका।

इस घटनाक्रम ने राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया। कांग्रेस के कई नेताओं ने आरोप लगाया कि पेंगुइन पर सरकार की ओर से दबाव था और इसी वजह से वह किताब को प्रकाशित करने से पीछे हटा। कांग्रेस नेताओं ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़ते हुए सवाल उठाए। हालांकि पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इन आरोपों को खारिज किया। प्रकाशक का कहना था कि किताब को प्रकाशित करने की उसकी इच्छा थी और पांडुलिपि की तथ्य-जांच तथा संपादकीय सुझाव प्रकाशन प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा हैं। उसने बाहरी दबाव की बात से भी इनकार किया। प्रकाशक ने यह भी कहा कि एक मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी और गोपनीयता संबंधी समझौते के कारण वह इसका विवरण सार्वजनिक नहीं कर सकता।

हार्पर कॉलिन्स ने संभाली प्रकाशन की जिम्मेदारी

पेंगुइन के साथ समझौता टूटने के बाद हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने किताब के भारतीय प्रकाशन की जिम्मेदारी संभाली। सितंबर में इसकी आधिकारिक घोषणा हुई और 10 नवंबर 2026 को देशभर के बुकस्टोर्स में इसकी बिक्री शुरू की गई।

प्रकाशक के मुताबिक, दिल्ली में बहरीसन्स और मिडलैंड, मुंबई में द व्हाइट क्रो और टाइटल वेव्स, चेन्नई में हिगिनबॉथम तथा बेंगलुरु में ब्लॉसम्स और द बुकवर्म जैसे प्रमुख पुस्तक विक्रेताओं के यहां किताब उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा कई राज्यों में क्रॉसवर्ड के स्टोर्स पर भी इसे बिक्री के लिए रखा गया। किताब की शुरुआती वैश्विक प्रिंटिंग को लेकर भी चर्चा रही। अमेरिकी प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ ने पहले संस्करण की 1 लाख प्रतियां छापने की जानकारी दी थी।

प्रकाशन से पहले सोनिया गांधी ने भी तोड़ी चुप्पी

किताब के प्रकाशन से ठीक पहले सोनिया गांधी ने भी पेंगुइन विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। 7 नवंबर को ‘द गार्जियन’ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि पेंगुइन सरकार की आलोचना से असहज था। उन्होंने प्रकाशक के फैसले पर निराशा जताई और इसे किताब की सामग्री को सीमित करने की कोशिश के तौर पर देखा।

इस इंटरव्यू में उन्होंने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के शासन, लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्ष की भूमिका को लेकर भी अपनी राय रखी। इस बयान ने किताब की लॉन्चिंग से पहले राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया।

लॉन्चिंग के दिन भी राजनीतिक बयानबाजी

किताब के बाजार में आने के दिन यानी 10 नवंबर को भी इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं। भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की आत्मकथा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार के विवादित राजनीतिक इतिहास को नए तरीके से प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है।

उन्होंने किताब के शीर्षक ‘Belonging’ पर टिप्पणी करते हुए इसे ‘Whitewashing’ नाम दिए जाने की बात कही। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों, आपातकाल और कांग्रेस शासन के दौरान हुए दूसरे विवादित घटनाक्रमों को लेकर भी सवाल उठाए।

इस तरह किताब की बिक्री शुरू होने के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी रहा।

‘द रेड साड़ी’ से भी जुड़ा है पुराना विवाद

सोनिया गांधी से जुड़ी किताबों पर विवाद का इतिहास नया नहीं है। इससे पहले स्पेनिश लेखक जेवियर मोरो की किताब ‘The Red Sari’ भी काफी विवादों में रही थी।

मूल रूप से स्पेनिश भाषा में लिखी गई इस किताब का नाम ‘El Sari Rojo’ था। यह अक्टूबर 2008 में स्पेन में प्रकाशित हुई थी। इसमें सोनिया गांधी के बचपन से लेकर राजीव गांधी से विवाह और भारत में उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को उपन्यास शैली में प्रस्तुत किया गया था।

कांग्रेस ने इस किताब की सामग्री पर आपत्ति जताई थी। सोनिया गांधी के वकील और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने इसे अनधिकृत, मानहानिकारक और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने वाला बताया था। लेखक जेवियर मोरो ने इन आरोपों का विरोध किया था। इस विवाद के कारण किताब का भारतीय प्रकाशन भी लंबे समय तक चर्चा में रहा। आखिरकार जनवरी 2015 में यह भारत में प्रकाशित हुई। इससे पहले सोनिया गांधी की किताबों को लेकर उठे विवादों में यह एक प्रमुख उदाहरण था।

किताब के बहाने फिर चर्चा में सोनिया गांधी का राजनीतिक सफर

सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ का महत्व केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व के निजी जीवन के दस्तावेज के तौर पर नहीं है। यह उस दौर के राजनीतिक घटनाक्रमों को भी एक ऐसे व्यक्ति के नजरिये से देखने का अवसर देती है, जिसने भारतीय राजनीति के कई निर्णायक मोड़ों को करीब से देखा है।

एक तरफ इसमें प्रेम, परिवार, व्यक्तिगत त्रासदियों और भारत में अपनी पहचान बनाने की कहानी है, तो दूसरी तरफ सत्ता, राजनीतिक फैसलों, कांग्रेस के उतार-चढ़ाव और समकालीन भारतीय राजनीति पर उनके विचार भी हैं।

किताब की बिक्री शुरू होने के साथ पाठकों की दिलचस्पी और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं ने इसे चर्चा के केंद्र में ला दिया। इस बीच किताब के प्रचार प्रसार के लिए सोनिया गाँधी ने सोशल मीडिया पर भी दस्तक दी। X और इंस्टाग्राम जैसे हैंडल्स बनाए और उन पर पहली बार किताब और तस्वीरों के साथ उनकी सक्रियता दिखी। पेंगुइन से प्रकाशन समझौता टूटने से लेकर हार्पर कॉलिन्स के जरिए बाजार में पहुंचने तक का घटनाक्रम इस आत्मकथा को सामान्य लॉन्चिंग से कहीं अधिक चर्चा में ले आया है।

-------------------------------

 ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें। Pavitra India पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें 

Facebook | Twitter | Instragram | YouTube

-----------------------------------------------

.  .  .

About the Author

Pavitra India (पवित्र इंडिया) Hindi News Samachar - Find all Hindi News and Samachar, News in Hindi, Hindi News Headlines and Daily Breaking Hindi News Today and Update From newspavitraindia.blogspit.com Pavitra India news is a Professional news Pla…
Cookie Consent
We serve cookies on this site to analyze traffic, remember your preferences, and optimize your experience.
Oops!
It seems there is something wrong with your internet connection. Please connect to the internet and start browsing again.
AdBlock Detected!
We have detected that you are using adblocking plugin in your browser.
The revenue we earn by the advertisements is used to manage this website, we request you to whitelist our website in your adblocking plugin.
Site is Blocked
Sorry! This site is not available in your country.