Posts

NDA में अकाली दल की वापसी से पंजाब की सियासत में नया मोड़, भाजपा-अकाली गठबंधन से बदलेगा चुनावी गणित | Pavitra India

https://ift.tt/rwycbnI

राघवेंद्र द्विवेदी | तहलका | नई दिल्ली
प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया। 6 साल बाद अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी हुई है। ये ताजा घटनाक्रम आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों पार्टियां मिल कर पंजाब का चुनाव लड़ेंगी।

दोनों पार्टियां के साथ आने और मिलकर चुनाव लड़ने से पंजाब के चुनावी समीकरणों में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अकाली दल के पास राज्य में अपना परंपरागत संगठनात्मक आधार है, जबकि भाजपा का शहरी क्षेत्रों और कुछ अन्य सामाजिक वर्गों में राजनीतिक प्रभाव रहा है। दोनों की ताकत एक साथ आने से मुकाबला अधिक दिलचस्प हो सकता है।

शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन का ऐलान किया।

अमित शाह ने अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए उसे गठबंधन का सबसे पुराना सहयोगी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं। दोनों पार्टियां 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरेंगी। अमित शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने अकाली दल को गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में रखने की बात कही।

यह घोषणा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों दलों के बीच करीब छह साल पहले टूटा राजनीतिक रिश्ता अब फिर जुड़ गया है। इस दौरान दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत को परखा, लेकिन दोनों को कामयाबी नहीं मिली। पिछले चुनाव यानी 2022 में AAP को 92, कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3 और भाजपा को 2 सीटें मिली थीं। जाहिर है, एक दूसरे की जरूरत दोनों को थी, लिहाजा  2027 के विधानसभा चुनाव से पहले साथ आने का फैसला लिया गया।

गठबंधन अरविंद केजरीवाल का रिएक्शन

पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी और अकाली गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले दोनों साथ थे, फिर अलग हो गए। अब फिर सत्ता के लिए साथ आ गए। उन दोनों पार्टियों का गठबंधन सत्ता के लिए हुआ है, जबकि हमारा गठबंधन जनता के साथ है।

कांग्रेस का भी सामने आया रिएक्शन

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने गठबंधन पर सवाल उठाते हुए इसे अवसरवाद की राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर दोनों दल अलग हुए थे, क्या उन्हें अब पीछे छोड़ दिया गया है ? यह प्रतिक्रिया बताती है कि विपक्ष इस गठबंधन को राजनीतिक अवसरवाद के रूप में पेश करने की कोशिश कर सकता है।

किसान आंदोलन बना था गठबंधन टूटने की वजह

भाजपा और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में काफी पुराना रहा है। दोनों दलों के बीच औपचारिक चुनावी गठबंधन 1996 में बना था और 1997 के विधानसभा चुनाव में इसका पहला बड़ा राजनीतिक परिणाम देखने को मिला।

गठबंधन के तहत अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। दोनों दलों ने पंजाब में 2007 और 2012 में लगातार दो विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाई। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने और भाजपा गठबंधन सरकार में सहयोगी की भूमिका निभाती रही।

हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए। पंजाब में किसान आंदोलन का व्यापक असर था और अकाली दल पर अपने परंपरागत किसान वोट बैंक के बीच राजनीतिक दबाव बढ़ रहा था। इसी बीच अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने NDA से अलग होने का फैसला किया।

केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही। अब छह साल बाद गठबंधन की वापसी को पंजाब की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

2022 के चुनाव में दोनों दलों को हुआ था नुकसान

2020 में गठबंधन टूटने के बाद भाजपा और अकाली दल ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। इसका परिणाम दोनों दलों के लिए उत्साहजनक नहीं रहा। आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया और भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार बनाई।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल को महज तीन सीटों पर जीत मिली, जबकि भाजपा केवल दो सीटें जीत सकी। कांग्रेस को 18 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। ऐसे में अब दोनों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पुराने राजनीतिक जनाधार को फिर से मजबूत करने और मतदाताओं के बीच गठबंधन की स्वीकार्यता स्थापित करने की होगी।

क्या बदलेगा पंजाब का चुनावी समीकरण?

भाजपा और अकाली दल के एक साथ आने से पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव का मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। इसके पीछे कई राजनीतिक और सामाजिक कारण हैं।

पहला, अकाली दल का परंपरागत जनाधार: शिरोमणि अकाली दल का ग्रामीण पंजाब, सिख समुदाय के एक वर्ग और किसान राजनीति में पुराना प्रभाव रहा है। पार्टी के पास गांवों और कस्बों तक फैला संगठनात्मक नेटवर्क है। हालांकि, पिछले कुछ चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है। गठबंधन से उसे अपने पुराने समर्थकों को फिर से जोड़ने में मदद मिल सकती है।

दूसरा, भाजपा का शहरी प्रभाव: भाजपा का पंजाब के शहरी क्षेत्रों में अपना राजनीतिक आधार रहा है। खासकर व्यापारिक वर्ग और शहरी मतदाताओं के बीच पार्टी की मौजूदगी है। अकाली दल के ग्रामीण आधार और भाजपा के शहरी प्रभाव का मेल चुनावी दृष्टि से दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है।

तीसरा, हिंदू-सिख सामाजिक समीकरण: पंजाब में हिंदू और सिख मतदाताओं के बीच सामाजिक और राजनीतिक संतुलन चुनावी नतीजों को प्रभावित करता है। दोनों दलों का गठबंधन इस सामाजिक समीकरण को एक साझा राजनीतिक मंच देने की कोशिश करेगा। अमित शाह ने भी गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतिबिंब बताया है।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सामने नई चुनौती

पंजाब में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है। ऐसे में भाजपा-अकाली गठबंधन उसके लिए एक नई राजनीतिक चुनौती पेश कर सकता है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सामने सरकार के कामकाज, विकास, रोजगार, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता के बीच अपनी उपलब्धियां रखने की चुनौती होगी। दूसरी तरफ कांग्रेस भी पंजाब में सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। पार्टी के सामने अब एक तरफ आम आदमी पार्टी और दूसरी तरफ भाजपा-अकाली दल के गठबंधन से मुकाबला करने की चुनौती होगी।

सीटों का बंटवारा और नेतृत्व होगा अहम सवाल

गठबंधन की घोषणा के बाद अब सबसे ज्यादा नजर सीटों के बंटवारे और चुनावी नेतृत्व पर रहेगी। पुराने समझौते में अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। लेकिन छह साल में पंजाब की राजनीति और दोनों दलों की चुनावी स्थिति में काफी बदलाव आया है। इस बार भाजपा अपने राजनीतिक विस्तार और बढ़े हुए संगठनात्मक प्रभाव के आधार पर अधिक सीटों की मांग कर सकती है, जबकि अकाली दल अपने पुराने सहयोगी के मुकाबले अपनी वरिष्ठ भूमिका बनाए रखना चाहेगा।

अमित शाह ने अकाली दल को बड़े भाई की भूमिका में रखने की बात कही है, लेकिन सीटों के बंटवारे का विस्तृत फॉर्मूला और उम्मीदवारों के चयन को लेकर अंतिम समझौता सार्वजनिक होना अभी बाकी है। लिहाजा, गठबंधन के सामने आपसी तालमेल बनाए रखना भी एक बड़ी चुनौती होगी।

गठबंधन की वापसी कितनी होगी असरदार?

अकाली दल और भाजपा की वापसी को केवल पुराने राजनीतिक रिश्तों की बहाली के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं होगा। इसके पीछे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति और राज्य में सत्ता के लिए मजबूत दावेदारी पेश करने की कोशिश भी है।

हालांकि, गठबंधन के सामने कई सवाल हैं। किसान आंदोलन के दौरान दोनों दलों के बीच पैदा हुई दूरियों को क्या मतदाता भूल पाएंगे? क्या अकाली दल अपना पुराना जनाधार वापस हासिल कर पाएगा? क्या भाजपा पंजाब में अपने संगठन को और मजबूत कर पाएगी? और सबसे महत्वपूर्ण, क्या दोनों दल सीटों के बंटवारे तथा चुनावी नेतृत्व को लेकर एकमत रहेंगे?

इन सवालों के जवाब आने वाले महीनों में मिलेंगे। फिलहाल इतना तय है कि अकाली दल की NDA में वापसी ने पंजाब की राजनीति में नए चुनावी मुकाबले की जमीन तैयार कर दी है। अब 2027 का विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा-अकाली गठबंधन के बीच किस तरह का त्रिकोणीय या बहुकोणीय मुकाबला बनता है, इस पर पूरे देश की राजनीतिक निगाहें रहेंगी।

-------------------------------

 ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें। Pavitra India पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें 

Facebook | Twitter | Instragram | YouTube

-----------------------------------------------

.  .  .

About the Author

Pavitra India (पवित्र इंडिया) Hindi News Samachar - Find all Hindi News and Samachar, News in Hindi, Hindi News Headlines and Daily Breaking Hindi News Today and Update From newspavitraindia.blogspit.com Pavitra India news is a Professional news Pla…
Cookie Consent
We serve cookies on this site to analyze traffic, remember your preferences, and optimize your experience.
Oops!
It seems there is something wrong with your internet connection. Please connect to the internet and start browsing again.
AdBlock Detected!
We have detected that you are using adblocking plugin in your browser.
The revenue we earn by the advertisements is used to manage this website, we request you to whitelist our website in your adblocking plugin.
Site is Blocked
Sorry! This site is not available in your country.