इंदौर/भोपाल, 18 नवंबर (आईएएनएस)| कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से पहले एक धमकी भरे पत्र ने हड़कंप मचा दिया है। इस पत्र में राहुल गांधी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को मारने की धमकी तो दी ही गई है साथ ही इंदौर में धमाकों की भी धमकी दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा पत्र गुरुवार की शाम को कोरियर सर्विस के जरिए जूनी इंदौर के इलाके की एक मिठाई दुकान पर पहुंचा। इस पत्र में वर्ष 1984 में हुए दंगों का जिक्र है सबसे ऊपर ‘वाहेगुरु’ लिखा हुआ है। इस पत्र में लिखा गया है कि, 1984 में पूरे देश में भयंकर दंगे हुए सिखों का कत्लेआम किया गया, किसी पार्टी ने जुल्म के खिलाफ आवाज नहीं उठाई।
| राहुल गांधी और कमलनाथ को मारने की धमकी वाले पत्र से हड़कंप | Pavitra India |
इस पत्र में आगे लिखा गया है कि, नवंबर माह में इंदौर में जगह-जगह बम विस्फोट होंगे, बम विस्फोट से पूरा इंदौर दहल उठेगा, बहुत जल्दी ही राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के समय कमलनाथ को भी गोली मार दी जाएगी, राहुल गांधी को भी राजीव गांधी के पास भेजवाया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि गुरुवार की शाम को एक पत्र आया है, इस पत्र की सत्यता की तहकीकात की जा रही है। पुलिस अपने काम में लगी हुई है।
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल में कहा है कि राहुल गांधी की यात्रा को सुरक्षा देने का काम प्रदेश सरकार का है, उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की थी।
कमलनाथ ने आगे कहा कि, भाजपा बौखलाई हुई है और तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है।
कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश की एकता, सद्भावना और भाईचारे को जोड़ने का काम कर रही है और देश को तोड़ने वाली ताकतें धमकी भरे पत्र से माहौल खराब करने की कोशिशें कर रही है, मगर कांग्रेस डरने वाली नहीं है। पुलिस प्रशासन धमकी भरे पत्र वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करे।
ज्ञात हो कि भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को बुरहानपुर से मध्य प्रदेशा में प्रवेश करने वाली है। यह यात्रा पांच दिसंबर तक राज्य में रहने वाली है। इस दौरान यह यात्रा इंदौर भी पहुॅचेगी।
एसएनपी/एसकेपी
एंटीवेब न्यूज
The post राहुल गांधी और कमलनाथ को मारने की धमकी वाले पत्र से हड़कंप first appeared on Antiweb News.